रायपुर, छत्तीसगढ़ से मेघा तिवारी
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा ने रायपुर में स्थित 50 सीटर अल्पसंख्यक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास का निरीक्षण किया। यह छात्रावास उन छात्रों के लिए बनाया गया है, जो प्रदेश के विभिन्न जिलों से राजधानी में पढ़ाई करने आते हैं।
इस छात्रावास का उद्घाटन प्रदेश के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा 22 मई को किया गया था। वर्तमान में यहां आदिवासी-जनोंजाति कल्याण विभाग की प्रयास योजना के अंतर्गत पढ़ाई कर रहे छात्रों को आवासीय सुविधा दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान छाबड़ा ने हॉस्टल की साफ-सफाई, मेस व्यवस्था, छात्रों के रहने के कमरे और अन्य सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने छात्रों के साथ बैठकर भोजन किया और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई पुस्तकें भी भेंट कीं।

राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सचिव एम.आर. खान भी इस अवसर पर मौजूद रहे। छाबड़ा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों के लिए प्रवेश प्रक्रिया को जल्द प्रारंभ किया जाए, ताकि अधिक से अधिक छात्र इस सुविधा का लाभ उठा सकें।