रायपुर, छत्तीसगढ़ से मेघा तिवारी
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रपति स्काउट्स एंड गाइड्स अलंकरण समारोह में छत्तीसगढ़ के आठ प्रतिभाशाली स्काउट्स, गाइड्स और रेंजर्स को सम्मानित किया गया। यह प्रदेश के लिए गर्व का विषय है और राज्य की युवा प्रतिभाओं की निरंतर प्रगति को दर्शाता है।
इस अवसर पर रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार जैन उपस्थित रहे। उन्होंने सम्मानित छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि ये युवा न केवल अपने परिवार और संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राएँ हैं:
-
स्काउट सौरभ कुमार धृतलहरे
-
स्काउट निखिल साहू
-
गाइड रोशनी पटेल
-
गाइड आकृति खुंटे
-
गाइड सुरेखा कंवर
-
रेंजर राजेश्वरी साहू
-
रेंजर कोमल शर्मा
-
रेंजर गीता वैष्णव
सांसद अग्रवाल ने कहा कि स्काउट्स एंड गाइड्स जैसी संस्थाएँ बच्चों और युवाओं में अनुशासन, सेवा भाव, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को इस आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया और आशा व्यक्त की कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसी प्रकार उपलब्धियाँ हासिल करती रहेंगी।