रायपुर, छत्तीसगढ़ | मेघा तिवारी
राजनांदगांव जिले में पुलिस जवानों को जीवनरक्षक तकनीक और प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग की उपस्थिति में पुलिस लाइन मंगल भवन में आयोजित हुआ।
प्रशिक्षण का आयोजन भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी राजनांदगांव द्वारा किया गया, जिसमें रेडक्रॉस प्रबंधक प्रदीप शर्मा, डॉ. आयुष गुप्ता और डॉ. हिमांशी सिंह ने पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार और सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की विधियाँ सिखाईं।

प्रशिक्षण में जवानों को यह सिखाया गया कि हृदय गति रुकने पर छाती पर दबाव और कृत्रिम श्वसन देकर मरीज की जान कैसे बचाई जा सकती है। साथ ही चोट, जलने, बेहोशी, साँप के काटने और सड़क दुर्घटनाओं जैसी आपात स्थितियों में तुरंत किए जाने वाले कदमों की जानकारी दी गई। घाव से खून रोकने और उसे सुरक्षित करने की सही प्रक्रिया भी सिखाई गई।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना/चौकी, यातायात, हाइवे पेट्रोलिंग, डायल-112 के चालक व सहायक स्टाफ, पुलिस लाइन एमटी चालक और थाना पेट्रोलिंग के जवानों सहित कुल 87 पुलिसकर्मी शामिल हुए।

इस अवसर पर एएसपी मुकेश ठाकुर, सीएसपी पुष्पेंद्र नायक और आरआई लोकेश कसेर भी उपस्थित रहे।
पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने स्वयं भी सीपीआर और प्राथमिक उपचार के महत्व पर जानकारी दी और डायल-112 स्टाफ की समस्याओं को सुनकर उनके तत्काल निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।