धमतरी कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली को अनिवार्य किया, पारदर्शी प्रशासन की दिशा में बड़ा कदम

Share Post

रायपुर, छत्तीसगढ़ | मेघा तिवारी

धमतरी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिला अधिकारियों को प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और तेजी लाने हेतु ई-ऑफिस प्रणाली अपनाने पर बल दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अब सभी शासकीय पत्राचार और फाइलें केवल ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से ही भेजी जाएंगी। छोटी-छोटी नोटशीट्स भी ई-ऑफिस पर ही तैयार और संचालित की जाएंगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नोटशीट लेखन, दस्तावेज संलग्न करना, फाइल तैयार करना और भेजना जैसी सभी प्रक्रियाएँ ई-ऑफिस पर ही पूरी की जाएं। किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में एनआईसी या तकनीकी टीम से तुरंत मदद लेने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि अगली बैठक में समीक्षा की जाएगी कि कितनी फाइलें ई-ऑफिस के माध्यम से प्राप्त और संचालित हुई हैं।

कलेक्टर मिश्रा ने कहा, “ई-ऑफिस प्रणाली शासन की पारदर्शी और सुगम कार्यप्रणाली का आधार है। सभी विभाग इसे प्राथमिकता से अपनाएं। इससे कार्य संस्कृति में तेजी और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।”

धमतरी कलेक्टर ई-ऑफिस प्रणाली बैठक
धमतरी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ई-ऑफिस प्रणाली को अनिवार्य बनाने पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत रोमा श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित हो रहे जनसहभागिता कार्यक्रमों की प्रतिभागियों की उपस्थिति पोर्टल पर दर्ज कराना अनिवार्य है। यह एंट्री 25वें सप्ताह तक पूरी कर ली जाए।

तकनीकी समस्याओं को ध्यान में रखते हुए श्रीवास्तव ने एनआईसी टीम को डेमो प्रेजेंटेशन देने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर कलेक्टर रीता यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment