रायपुर, छत्तीसगढ़ | मेघा तिवारी
दुर्ग, 03 सितम्बर 2025 (बुधवार)
महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, दुर्ग में छात्रों की मूलभूत समस्याओं और प्रशासनिक अनियमितताओं को लेकर आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने प्रदेश मंत्री यज्ञदत्त वर्मा के नेतृत्व में जोरदार और उग्र आंदोलन किया।

छात्र परिषद ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन का लगातार उदासीन रवैया अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
✦ आंदोलन की प्रमुख मांगें:
1. शोधार्थियों को विगत दो वर्षों से शोधवृत्ति का भुगतान नहीं किया गया है।
2. कुलसचिव के विरुद्ध शिकायतों पर कार्यवाही न होना, जबकि राज्यपाल कार्यालय ने 8 माह पूर्व आदेश जारी किया था।
3. तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी भर्ती प्रक्रिया लंबित, दो वर्ष पूर्व आवेदन लिए जाने के बावजूद परीक्षा आयोजित नहीं।
4. प्राथमिक चिकित्सा सुविधा का अभाव, जिससे छात्रों को आपात स्थिति में कठिनाई।
5. अतिथि शिक्षकों को ICAR संबद्ध कॉलेजों के अनुरूप वेतनमान प्रदान करने की मांग।
प्रदेश मंत्री यज्ञदत्त वर्मा ने कहा –
“यदि विश्वविद्यालय छात्रों की समस्याओं का समाधान नहीं करता, तो यह उसके अस्तित्व पर प्रश्नचिह्न है। यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो परिषद मंत्री के बंगले तक उग्र आंदोलन करेगी।”
कुलपति ने छात्रों की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया है, लेकिन ABVP ने चेतावनी दी कि अब केवल आश्वासन नहीं बल्कि ठोस कार्रवाई चाहिए।
ABVP ने साफ किया कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, तो परिषद चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करेगी।