रायपुर, छत्तीसगढ़ से मेघा तिवारी
जशपुर जिले में दो अलग-अलग मामलों में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की घटनाएं सामने आई हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पहला मामला – चौकी दोकड़ा क्षेत्र
पहली घटना चौकी दोकड़ा क्षेत्र की है। 18 वर्षीय पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, रक्षा बंधन के दिन वह अपनी बुआ के साथ रिश्तेदार के घर गई थी। रात में जब वह सो रही थी, तभी घर का ही रहने वाला शिवा चौहान आया और प्यार का इजहार करते हुए जबरन दुष्कर्म करने लगा।
आरोपी ने पीड़िता को दो दिनों तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा। तीसरे दिन पीड़िता ने किसी तरह परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। परिजन मौके पर पहुंचे और बेटी को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिवा चौहान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
दूसरा मामला – दुलदुला क्षेत्र
दूसरी घटना दुलदुला क्षेत्र की है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 2021 में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान राम प्रसाद सिंह से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार अलग-अलग स्थानों पर दुष्कर्म किया।
पीड़िता जब गर्भवती हुई और बच्चे को जन्म दिया, तो आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद आहत पीड़िता ने दुलदुला थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी राम प्रसाद सिंह के खिलाफ धारा 376 (द) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई
दोनों मामलों में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। फिलहाल, दोनों घटनाओं की जांच जारी है।