रायपुर, छत्तीसगढ़ से मेघा तिवारी।
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारी और अधिकारी अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले कई दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल से प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए राज्य सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है। 25 हड़ताली कर्मचारियों की बर्खास्तगी पर उन्होंने कहा कि यह कदम दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे साफ होता है कि सरकार जनता के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर नहीं है।
सरकार की लापरवाही पर सवाल
गोपाल साहू ने आरोप लगाया कि प्रदेश में दवाइयों की कमी है, मशीनें खराब पड़ी हैं और घटिया दवाइयां सप्लाई की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी करने के बजाय उन्हें नौकरी से निकाल रही है। ऐसा लगता है मानो सरकार जानबूझकर प्राइवेट अस्पतालों को बढ़ावा देना चाहती है।
भाजपा पर वादाखिलाफी का आरोप
प्रदेश महासचिव और मीडिया प्रभारी सूरज उपाध्याय ने कहा कि भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि 100 दिन के भीतर सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों के नियमितीकरण के लिए कमेटी बनाई जाएगी। लेकिन आज 1500 से अधिक NHM कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर सामूहिक इस्तीफे और स्वास्थ्य सचिव का घेराव करने को मजबूर हैं।
स्वास्थ्य ढांचे की बदहाली
प्रदेश उपाध्यक्ष उत्तम जायसवाल और दुर्गा झा ने कहा कि राज्य में 10 मेडिकल कॉलेज हैं, लेकिन उनमें 642 पद खाली पड़े हैं। राजधानी रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में 50 डॉक्टरों की कमी है। वहीं, डीकेएस सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल जैसे बड़े संस्थान में एक भी रेगुलर डॉक्टर नहीं है और अधिकांश सेवाएं आउटसोर्सिंग पर चल रही हैं।
उन्होंने बताया कि हाल ही में मेकाहारा की 80 करोड़ की मशीन आउटडेटेड हो गई और स्वास्थ्य मंत्री ने 40 करोड़ की नई मशीनों के लिए टेंडर जारी कर दिए। सवाल उठता है कि सरकार को पहले से क्यों पता नहीं था कि मशीन कब खराब होगी?
AAP का कर्मचारियों को समर्थन
प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन सिंह और प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने कहा कि आम आदमी पार्टी पूरी तरह से NHM कर्मचारियों के साथ है और सरकार से मांग करती है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान निकाला जाए।