फरीदाबाद।रिपोर्टर स्नेहा जायसवाल
यमुना नदी का जलस्तर लगातार घटने के बावजूद फरीदाबाद के लोगों के लिए खतरा टला नहीं है। नदी में इस समय करीब 2 लाख 5 हजार 183 क्यूसेक पानी बह रहा है, जिसके चलते हालात अब भी गंभीर बने हुए हैं।
खदर क्षेत्र में तबाही
यमुना का पानी खदर क्षेत्र में भारी तबाही मचाने लगा है। कई सड़कें टूट चुकी हैं, जिससे गांवों का आपसी संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया है। मोहना-बागपत रोड पर पानी भर जाने से लोगों का आना-जाना पूरी तरह बंद हो गया है।
270 मकान जलमग्न, लोग हुए बेघर
बाढ़ का पानी अब तक 270 मकानों में घुस चुका है। इन घरों के पूरी तरह जलमग्न होने से लोग बेघर हो गए हैं। कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं और अपने बच्चों व बुजुर्गों को लेकर सुरक्षित स्थान की तलाश में हैं।
प्रशासन की ओर से राहत कार्य
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। अब तक कुल 12 शेल्टर होम बनाए गए हैं, जहां प्रभावित लोगों को सुरक्षित ठहराया जा रहा है। इसके अलावा भोजन और रहने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। राहत टीमें लगातार काम कर रही हैं ताकि अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा सके।
लोगों में चिंता और डर
फरीदाबाद में बाढ़ की यह स्थिति लोगों के लिए बेहद चिंताजनक है। स्थानीय लोग प्रशासन से अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द हालात को सामान्य किया जाए और पर्याप्त राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाए।
आपके आसपास हो रहे अपराध या समाज में हो रहे किसी भी तरह के अपराध की जानकारी अगर आप हमें देना चाहते हो तो नीचे दिए हुए व्हाट्स नंबर पर संपर्क करें
9691983739