लखीमपुर खीरी।सुरजीत चानी ,उत्तरप्रदेश
मोहम्मदी कस्बे से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां देर रात गोला रोड पर स्थित एक परचून के सामान से भरे गोदाम में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में गोदाम के अंदर रखा करीब एक करोड़ रुपये का माल जलकर राख हो गया।
रात 2 बजे उठीं लपटें, मचा हड़कंप
घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। अचानक गोदाम से धुआं और आग की ऊँची-ऊँची लपटें उठने लगीं, जिसे देखकर स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
फायर ब्रिगेड ने घंटों बाद पाया काबू
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने पड़ोसी जिलों से फायर ब्रिगेड की अतिरिक्त गाड़ियां बुलवाईं। कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा कारण
गोदाम मालिक की पहचान अमित गुप्ता के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। फिलहाल प्रशासन पूरे नुकसान का आकलन कर रहा है।
इलाके में दहशत का माहौल
इस भीषण अग्निकांड से मोहल्ले के लोगों में दहशत फैल गई है। आग इतनी विकराल थी कि कई किलोमीटर दूर से भी उसकी लपटें दिखाई दे रही थीं। लोगों ने इसे हाल के वर्षों की सबसे बड़ी आग की घटना बताया है।
आपके आसपास हो रहे अपराध या समाज में हो रहे किसी भी तरह के अपराध की जानकारी अगर आप हमें देना चाहते हो तो नीचे दिए हुए व्हाट्स नंबर पर संपर्क करें
9691983739