रायपुर-राजिम, छत्तीसगढ़ | मेघा तिवारी
छत्तीसगढ़ की जनता को आज एक बड़ी सौगात मिली। राजधानी रायपुर से धर्मनगरी राजिम के बीच नई मेमू ट्रेन की शुरुआत हो गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजिम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राजिम विधायक रोहित साहू, महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, खनिज मंत्री दयाल दास बघेल और रेलवे के कई बड़े अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम ने कहा – मोदी गारंटी का मतलब पूरा होना
सीएम विष्णु देव साय ने इस मौके पर कहा कि – “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी का मतलब है पूरा होने की गारंटी।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि विश्व में राजिम की अलग पहचान है और आने वाले समय में रेलवे का विस्तार राजिम से आगे अन्य शहरों तक भी किया जाएगा।
तीर्थ स्थलों को जोड़ेगी ट्रेन
महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि राजिम और डोंगरगढ़ दोनों छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल हैं। नई मेमू ट्रेन दोनों स्थानों को जोड़कर राज्य की जनता को बड़ा लाभ पहुंचाएगी।
पुराना सपना हुआ पूरा
- राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि यह जनता का बहुत पुराना सपना था, जिसे मुख्यमंत्री ने पूरा किया है। आने वाले समय में इसका सीधा लाभ राजिम और नया पारा के लोगों को मिलेगा।