रायपुर, छत्तीसगढ़ से मेघा तिवारी।
राजधानी रायपुर में पुलिस ने एक बड़े ड्रग्स कार्टेल का पर्दाफाश किया है। शहर में पार्टियों का आयोजन करने वाले एक इवेंट मैनेजर समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पहली कार्रवाई: कार से तीन आरोपी गिरफ्तार
देवेंद्र नगर ओवरब्रिज के नीचे रेलवे स्टेशन रोड पर एक चारपहिया वाहन (सोनेट कार क्रमांक CG 04 QJ 5466) से तीन आरोपियों को पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं:
1️⃣ हर्ष आहूजा (23 वर्ष) निवासी कटोरा तालाब, रायपुर
2️⃣ मोनू विश्नोई (29 वर्ष) निवासी हिसार, हरियाणा
3️⃣ दीप धनोरिया (41 वर्ष) निवासी खम्हारडीह, रायपुर
इनके कब्जे से 27.58 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स, ₹85,300 नकद, 5 मोबाइल फोन और कार जब्त की गई। कुल जब्ती की कीमत लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई।
दूसरी कार्रवाई: कार्टेल संचालकों की गिरफ्तारी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शहर में एमडीएमए का एक कार्टेल सक्रिय है। इसी कड़ी में नाव्या मलिक और अयान परवेज को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से तीन मोबाइल और प्रतिबंधित नशीली दवाई जब्त हुई।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि नशीला पदार्थ विधि अग्रवाल नामक महिला से लिया जाता था।
तीसरी कार्रवाई: और गिरफ्तारियां
नाव्या और अयान की निशानदेही पर पुलिस ने कार्टेल से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया—
-
विधि अग्रवाल (27 वर्ष) निवासी तेलीबांधा, रायपुर
-
सोहेल खान (29 वर्ष) निवासी महासमुंद
-
जुनैद अख्तर (28 वर्ष) निवासी रायपुर
-
ऋषीराज टंडन निवासी शंकर नगर, रायपुर
इनसे पूछताछ में और कई लिंक सामने आए हैं। पुलिस अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज पर काम कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई
गंज थाने में अपराध क्रमांक 222/25 धारा 21(सी), 29 नारकोटिक एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों को कोर्ट से पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस बड़ी कार्रवाई से रायपुर में सक्रिय ड्रग्स सिंडिकेट को जोरदार झटका लगा है और पुलिस आगे की जांच में और भी नाम सामने आने की संभावना जता रही है।