रिपोर्टर – मेघा तिवारी
मुंबई में दहशत फैलाने वाली बम धमकी की खबर का बड़ा खुलासा हुआ है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस के व्हाट्सएप नंबर पर आया एक संदेश, जिसमें दावा किया गया था कि 14 पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस चुके हैं और 400 किलो RDX से विस्फोट की तैयारी कर रहे हैं, पूरी तरह से फर्जी साबित हुआ।
मुंबई क्राइम ब्रांच की तत्परता से कार्रवाई करते हुए उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है जिसने यह झूठी धमकी दी थी। आरोपी को उत्तर प्रदेश के नोएडा से दबोचा गया। उसकी पहचान 50 वर्षीय अश्विन कुमार सुप्रा के रूप में हुई है।
धमकी से मचा हड़कंप
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, व्हाट्सएप मैसेज में यह भी कहा गया था कि जल्द ही बड़े पैमाने पर विस्फोट किया जाएगा। संदेश मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और पूरे मुंबई में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। इस धमकी ने शहरवासियों में भय का माहौल बना दिया।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी
मुंबई क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने टेक्निकल सर्विलांस और नंबर ट्रैकिंग के आधार पर आरोपी को ट्रेस किया। जांच में पता चला कि आरोपी ने जानबूझकर मुंबई ट्रैफिक पुलिस को फर्जी मैसेज भेजकर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।
पुलिस टीम ने आरोपी को नोएडा से गिरफ्तार कर मुंबई लाया है।
कानूनी कार्रवाई शुरू
मुंबई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी का मानसिक संतुलन भी जांच के दायरे में लाया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी के किसी आतंकी संगठन से संबंध हैं या फिर यह केवल ध्यान आकर्षित करने के लिए किया गया कृत्य था।
पुलिस का संदेश
मुंबई पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि झूठी अफवाह फैलाना एक गंभीर अपराध है, इससे न केवल कानून व्यवस्था पर असर पड़ता है बल्कि पूरे शहर की सुरक्षा और संसाधनों पर भी दबाव बढ़ता है।
आपके आसपास हो रहे अपराध या समाज में हो रहे किसी भी तरह के अपराध की जानकारी अगर आप हमें देना चाहते हो तो नीचे दिए हुए व्हाट्स नंबर पर संपर्क करें
9691983739