रायपुर, छत्तीसगढ़ | मेघा तिवारी
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से जीएसटी 2.0 की घोषणा एक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णय है।
उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल भारत के आर्थिक सुधारों को गति देगा, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने में भी सहायक होगा।
वित्त मंत्री ने बताया कि भारत सरकार और जीएसटी परिषद मिलकर जीएसटी प्रणाली में बड़े बदलाव और सुधार लाने के लिए काम कर रहे हैं। इसी सिलसिले में 3 और 4 सितंबर को जीएसटी परिषद की अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें जीएसटी से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा और सुधारों की रणनीति तय की जाएगी।
ओपी चौधरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार ने इन प्रस्तावित सुधारों के लिए पहले से ही आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, ताकि इस प्रक्रिया को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके और जीएसटी की प्रभावशीलता में और वृद्धि हो।