लखीमपुर खीरी: खमरिया सीएचसी पर सीडीओ का औचक निरीक्षण, डॉक्टर-स्टाफ गायब, मचा हड़कंप

Share Post

ब्यूरो, उत्तर प्रदेश | लखीमपुर खीरी

लखीमपुर खीरी जिले के खमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अभिषेक कुमार ने औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल की गंभीर लापरवाही उजागर हुई, जिससे पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।

खमरिया सीएचसी पर सीडीओ का औचक निरीक्षण
लखीमपुर खीरी के खमरिया सीएचसी पर सीडीओ अभिषेक कुमार का औचक निरीक्षण, डॉक्टर-स्टाफ लापता मिले

 

सीडीओ के पहुंचते ही अस्पताल पूरी तरह अंधेरे में डूबा मिला। न बिजली थी, न जनरेटर चालू था। आधे घंटे बाद जनरेटर शुरू किया गया तो पता चला कि उसमें ईंधन ही नहीं डाला गया था। यह स्थिति साबित करती है कि बिजली कटते ही अस्पताल पूरी तरह ठप हो जाता है।

निरीक्षण में पाया गया कि अधीक्षक अपने कक्ष से नदारद थे और आवास पर आराम कर रहे थे। इतना ही नहीं, 9 डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ भी ड्यूटी से अनुपस्थित मिले। इस पर सीडीओ ने अधीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया और अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। साथ ही सभी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए।

लखीमपुर खीरी के खमरिया सीएचसी पर सीडीओ अभिषेक कुमार का औचक निरीक्षण, डॉक्टर-स्टाफ लापता मिले
लखीमपुर खीरी के खमरिया सीएचसी पर सीडीओ अभिषेक कुमार का औचक निरीक्षण, डॉक्टर-स्टाफ लापता मिले

 

 

गंभीर लापरवाही तब सामने आई जब यह पाया गया कि प्रसव के बाद महिलाओं और नवजात शिशुओं को 48 घंटे तक निगरानी में रखने का नियम तोड़ा गया। वार्ड में जच्चा-बच्चा मौजूद नहीं थे और नवजात को दी जाने वाली जीरो डोज वैक्सीन तक नहीं लगाई गई थी। इस पर सीडीओ ने नाराजगी जाहिर की।

जांच लैब की हालत भी खराब पाई गई। छत से पानी टपक रहा था और मशीनों को प्लास्टिक से ढककर रखा गया था। सीडीओ ने सीएमओ को भवन की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।

अस्पताल परिसर में गंदगी, सीलन और जलभराव ने स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोल दी। प्रतीक्षालय में मरीजों के बैठने की जगह पर दवाओं के बक्से रखे गए थे। वहीं तीन में से दो शौचालय बंद और एक गंदगी से भरा मिला।

सीडीओ के इस औचक निरीक्षण ने स्वास्थ्य विभाग की हकीकत उजागर कर दी है। अब लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है।

Leave a Comment