रायपुर: लालपुर में नर्सिंग स्टाफ युवती की हत्या, लव ट्राइएंगल का सनसनीखेज मामला — आरोपी दुर्गेश गिरफ्तार

Share Post

रायपुर (खबरगली) | रिपोर्टर – मेघा तिवारी

राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। लालपुर के पटेल चौक स्थित एक मकान में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत एक युवती की खून से सनी लाश मिली है। मृतका की पहचान प्रियंका दास (23) के रूप में हुई है, जो मनेंद्रगढ़ की रहने वाली थी और रायपुर के एक अस्पताल में नौकरी कर रही थी।

🩸 लव ट्राइएंगल में हत्या की आशंका

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका की दोस्ती दुर्गेश नामक युवक से थी, जिससे उसकी जान-पहचान पिछले अस्पताल में हुई थी। वहीं, प्रियंका का एक और दोस्त सन्नी नामक युवक भी था, जो एमसीबी जिले के चिरमिरी का रहने वाला है। दोनों के बीच 7 साल पुरानी दोस्ती बताई जा रही है। इन्हीं रिश्तों को लेकर प्रियंका और दुर्गेश के बीच विवाद चल रहा था।

ASP पश्चिम रायपुर ने पुष्टि की है कि हत्या के आरोपी दुर्गेश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्राथमिक जांच में यह साफ हुआ है कि मामला लव ट्राइएंगल से जुड़ा है।

🕯️ कमरे में संघर्ष और खून के निशान

टिकरापारा थाना पुलिस ने बताया कि प्रियंका के सीने में चाकू से वार किया गया था। उसके हाथ में भी चाकू मिला है, जिससे आशंका है कि उसने बचाव का प्रयास किया होगा। कमरे में संघर्ष के संकेत मिले हैं, हालांकि आसपास कोई खून के निशान नहीं पाए गए।

घर में लगे CCTV कैमरे खराब मिले, जिससे जांच में मुश्किलें बढ़ी हैं। पुलिस फिलहाल तकनीकी साक्ष्य जुटाने और मोबाइल डेटा खंगालने में लगी है।

 

👮‍♀️ मौके पर पहुंची पुलिस और FSL टीम

घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम मौके पर पहुंची। FSL टीम ने कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। प्रियंका की रूममेट्स के अनुसार, जब वे शाम को ड्यूटी से लौटीं तो कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए — प्रियंका खून से लथपथ पड़ी थी और उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पुलिस अब आरोपी दुर्गेश और मृतका के अन्य करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारी यह जांचने में जुटे हैं कि यह हत्या एकतरफा प्रेम, बदले की भावना या किसी और गहरे राज का नतीजा तो नहीं।

Leave a Comment