रायपुर: बूढ़ा तालाब में छलांग लगाकर युवती ने की आत्महत्या की कोशिश, वसीम खान ने बचाई जान

Share Post
रायपुर | रिपोर्टर – मेघा तिवारी

राजधानी रायपुर में एक हृदयविदारक घटना के दौरान एक साहसी नागरिक ने इंसानियत की मिसाल पेश की। फूल चौक निवासी युवती रिया (काल्पनिक नाम) ने बूढ़ा तालाब में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। देखते ही देखते तालाब किनारे अफरा-तफरी मच गई, लोग बचाओ-बचाओ चिल्लाने लगे।

इसी बीच वहां से गुजर रहे वसीम खान उर्फ मम्मा खान ने बिना किसी हिचकिचाहट के तालाब में छलांग लगा दी। उन्होंने गहराई में जाकर युवती को पकड़कर बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। उनकी इस बहादुरी से एक अनमोल जान बच गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने वसीम खान के साहस की खुलकर सराहना की और कहा कि ऐसे लोगों से समाज को प्रेरणा लेनी चाहिए।

वसीम खान ने बताया

“जब मैंने लड़की को पानी में डूबते देखा, तो एक पल भी नहीं सोचा। मैं बस उसे बचाने के लिए कूद गया। जब उसे बाहर निकाला, तो वह बहुत घबराई हुई थी। कारण पूछने पर उसने कुछ नहीं बताया।”

वसीम खान रायपुर के एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता हैं, जो समाजसेवा के कार्यों में लंबे समय से जुड़े हुए हैं। उनके इस साहसिक कार्य की चर्चा पूरे शहर में हो रही है।

Leave a Comment