महासमुंद के पैरा एथलीट्स ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में जीते 5 पदक, छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया

Share Post

रायपुर, छत्तीसगढ़ से मेघा तिवारी 

ग्वालियर स्थित अटल बिहारी वाजपेई दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केंद्र में 29 से 31 अगस्त तक आयोजित 14वीं जूनियर एवं सब-जूनियर नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में महासमुंद जिले के पैरा एथलीट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 पदक जीतकर जिले और छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया।

समाज कल्याण विभाग से मान्यता प्राप्त संस्था फॉर्च्यून फाउंडेशन कर्मापटपर, बागबाहरा के पाँच खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

महासमुंद पैरा एथलीट्स ने राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीते 5 पदक
महासमुंद पैरा एथलीट्स ने राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जीते 5 पदक
  • सुखदेव ने जूनियर पुरुष वर्ग की टी-11 कैटेगरी में 400 मीटर और 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर सबका ध्यान खींचा।

  • निखिल कुमार यादव ने टी-12 कैटेगरी की 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले को गौरवान्वित किया।

  • नीलम टंडन ने सब-जूनियर महिला वर्ग की टी-12 कैटेगरी में 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता।

  • देवमोती ने टी-11 कैटेगरी की लॉन्ग जम्प में कांस्य पदक हासिल किया।

  • वहीं, नोशन लाल पटेल ने टी-2 कैटेगरी की 1500 मीटर दौड़ में शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया।

संस्था के संस्थापक एवं राष्ट्रीय टीम के प्रशिक्षक निरंजन साहू ने बताया कि इस दल में तीन बालक और दो बालिका खिलाड़ी शामिल थे। इनके साथ कोच-मैनेजर एवं गाइड रनर देवेंद्र ठाकुर, मेघराज यादव तथा सहायक स्टाफ दिव्य लोचन और रश्मि साहू भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि सुखदेव इससे पहले भी 11-12 जुलाई 2025 को बेंगलूरु में आयोजित 7वीं ओपन इंटरनेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

आपके आसपास हो रहे अपराध या समाज में हो रहे किसी भी तरह के अपराध की जानकारी अगर आप हमें देना चाहते हो तो नीचे दिए हुए व्हाट्स नंबर पर संपर्क करें

9691983739

Leave a Comment