फरीदाबाद।रिपोर्टर स्नेहा जायसवाल
दिल्ली-मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। खेड़ी थाना में तैनात एसपीओ इतेंद्र कुमार की ड्यूटी से लौटते समय तेज रफ्तार कार की टक्कर से मौत हो गई।
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे एत्मादपुर पुल के पास इतेंद्र कुमार अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जबरदस्त टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी में आग लग गई और एसपीओ की मौके पर ही मौत हो गई।
ढाई साल पहले आर्मी से रिटायर
मृतक इतेंद्र कुमार ढाई साल पहले भारतीय सेना से रिटायर हुए थे और वर्तमान में खेड़ी थाना में एसपीओ के रूप में कार्यरत थे। उनकी असमय मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया।
पिता को अस्पताल से लाया था घर
मृतक के भाई जितेंद्र ने बताया कि उनके पिता पिछले आठ साल से बीमार थे। हादसे वाले दिन भी इतेंद्र ने पिता को अस्पताल से डिस्चार्ज करवाकर घर पहुंचाया था और उसी शाम ड्यूटी पर चले गए थे। लेकिन रात को घर लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
जितेंद्र ने पुलिस को बयान देकर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी चालक को डिटेन कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बड़ा सवाल
तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग आए दिन लोगों की जान ले रही है। क्या सड़क सुरक्षा के लिए और कड़े कदम उठाने की जरूरत है?
आपके आसपास हो रहे अपराध या समाज में हो रहे किसी भी तरह के अपराध की जानकारी अगर आप हमें देना चाहते हो तो नीचे दिए हुए व्हाट्स नंबर पर संपर्क करें
9691983739