रायपुर, छत्तीसगढ़ | मेघा तिवारी
भारत का शानदार प्रदर्शन – डेविस कप विश्व ग्रुप-1
डेविस कप 2025 विश्व ग्रुप-1 में भारत ने स्विट्ज़रलैंड को 3-1 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। रायपुर के गुरुचरण सिंह होरा को इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम का समन्वयक नियुक्त किया गया था।

स्विट्ज़रलैंड में शुक्रवार और शनिवार को खेले गए मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया।
शुक्रवार को खेले गए मुकाबले
भारत के दक्षिनेश्वर सुरेश ने स्विट्ज़रलैंड के जेरोम कायम को 7-6, 6-3 से हराकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
दूसरे सिंगल्स मैच में सुमित नागल ने स्विट्ज़रलैंड के मार्क एंडरिया हसलर को मात देकर भारत को 2-0 की बढ़त दिला दी।
शनिवार को खेले गए मुकाबले
डबल्स मैच में भारत के एन. श्रीराम बालाजी और ऋत्विक बोलिपल्ली को स्विट्ज़रलैंड की जोड़ी जाकुब पॉल और डोमिनिक स्ट्रीकर से हार का सामना करना पड़ा।
लेकिन उसके बाद सिंगल्स मैच में सुमित नागल और दक्षिनेश्वर सुरेश ने दमदार जीत दर्ज कर भारत को 3-1 से सीरीज़ जीत दिला दी।
गुरुचरण सिंह होरा का बयान
समन्वयक गुरुचरण सिंह होरा ने भारतीय खिलाड़ियों को जीत की बधाई देते हुए कहा—
“हमारे खिलाड़ी पूरे जुनून और आत्मविश्वास के साथ खेल रहे हैं। यह भारत के लिए गर्व का क्षण है कि स्विट्ज़रलैंड की धरती पर तिरंगा लहराया गया।”
उन्होंने आगे कहा कि इतने बड़े मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। इसके साथ ही उन्होंने अखिल भारतीय टेनिस संघ (AITA) का आभार जताया।
होरा ने बताया कि इस यात्रा में AITA के कोषाध्यक्ष रोहित राजपाल और महासचिव अनिल धूपर का मार्गदर्शन बेहद खास रहा। टीम को स्विट्ज़रलैंड स्थित भारतीय दूतावास का दौरा करने का अवसर भी मिला, जिसे उन्होंने भावुक और गर्व का क्षण बताया।